सोमवार, 13 अक्तूबर 2014

रात की बाती.... डूब गयी !





टिमटिमाते 
डबडबाते
साँझ की बाती 
डूब गयी


फिर गहन 

अमावस 

अंधियारे

मन के गहरे 

गलियारे


जलते सपनों का 

दीप जला

इक मन पिघला 

कुछ रीत चला


धीमे धीमे 

सन्नाटे में 

कोई भेद खुला 

और दूर 

मुँडेरी पर बैठी 

इक याद हंसी


रीते मन में 

इक हूक उठी 

इक टीस उठी

इक पत्ता टूटा 

उस टहनी से 

फिर एक नया 

सपना सा गिरा


और टूटे कांच की

किरचों  से 

सपनों का

आशा दीप जला 

किरणों का 

रौशन जाल बुना



कुछ पल सरके 

कुछ मन दरके 

तारों का जाल 

भी टूट गया 


सपने जलाये

धीमे धीमे 

फिर रात भी 

थक कर 

डूब गई



जलते सपनो 

के दीये में 

रात की बाती 

डूब गयी 

मंगलवार, 13 मई 2014

ममता नाद !








मातृ दिवस से परे … 


आज मेरा नमन ममत्व के उन इंद्रधनुषी रंगों को जो अंतःस्थल के 

अभावों को रंग कर जीवंत कर देते हैं प्रकृति का अधूरापन !

जिनकी कल्पनाओं में कसकती है वात्सल्य रस की सकुचाई सी जलधार 

जिससे खिल उठते हैं जाने कितने ही शुष्क मुरझाये पुष्पहार !


संतप्त सजल नेह नयन

अनछुआ ममतामय सपन


उर के दग्ध दीर्घ उच्छ्वास 

पीड़ा का मधुमय रुंधा हास


कंटक कठोर जुग की रीत

रही अकिंचन वात्सल्य प्रीत


झरते हरसिंगार से झर झर

सपन पनीले दुसाध्य दुष्कर


हा ! टूट पड़ो भू पर अम्बर

क्यूँ रही धरा शोषित बंजर


प्रकृति प्रदत्त नारी का अधिकार

परम पुनीत वात्सल्य अविकार 


सकुचाये क्यूँ ईश्वरीय उपहार 

उर में छुपाये दारुण झंकार 


अबोली माँ का हर्ष विषाद 

सजल नयन में ममता नाद !

शुक्रवार, 7 मार्च 2014

वक़्त...





वक़्त ! 

मुट्ठी में 
रेत सी  
फिसलती   
यादें और 
छूटे साथ  
मानो 
कांच की 
किरचियों पर 
खड़े हम 
तुझे तकते हैं

भ्रम नहीं 
रौशनी 
यकीनन 
मगर 
भ्रमित करते 
इंद्रधनुषी रंग
सजता है  
जिनसे एक  
सपनीला  
आसमान 
लहरों के 
ज्वार पर  
हम अपनी 
नैय्या खेते हैं  


कुछ
टूटे बिखरे  
कुछ 
छूटे - पल 
कुछ 
पुकार विकल 
कुछ 
मनुहार सजल 
कुछ दायरे  
निरर्थक...     
मन की अटल 
गहराइयों में 
जा बसा मौन  
विराट मरुस्थल 
की प्यास सा
अक्सर  
दरकाता है ये 
गर्वित खंडहर  
और हम 
एक स्वर की 
चाहना में 
अक्षर मोती 
पिरोते हैं 

गुरुवार, 27 फ़रवरी 2014

आत्मा में बसे आराध्य को....










मन के भीतर मंदिर शिव का

मैं क्या मंदिर जाऊँगी 



आर्द्र नयन से सींचा प्रतिपल 


मैं क्या जल चढ़ाऊँगी 



वेद विधान की देव - वन्दना 

अज्ञानी मैं हूँ अकिंचना 

मिला न कोई बिल्ब धतूरा

हृदय कलिका चढ़ाऊँगी 



अंध तमस में जीवन सारा 

भस्म करो हे देव मलिनता

श्रद्धा और भक्ति की शक्ति 

रोम रोम में बसाऊँगी 



बुधवार, 19 फ़रवरी 2014

सांझ ढले.....








सांझ ढले जब पंछी चहके , दहका सूरज भी कुम्हलाया  
विस्मृति की खिड़की से गुपचुप ,यादों का बादल घिर आया 

पाषाण हृदय के कारा में , हो तृषित जरा जो मन घबराया 
मूक अभागी तृष्णा पथराई , रेतीला दरिया बह आया 

स्वप्न शेष पर निंदिया रूठी ,कोरों में खारा जल आया  
न चेहरा दिखता न हीं सपन , दरपन दरपन भी धुन्धलाया  

बुधवार, 5 फ़रवरी 2014

अहले नज़र यूँ रब को बना लो



अहले नज़र यूँ रब को बना लो 
गमगीं दिल के ग़म अपना लो 

चश्म ए पुरनम छलकी जाए 
तश्ना लब थे प्यास बुझा लो 

जब अहसास भी सर्द लगें तो 
एक सुलगता ख्वाब जला लो 

दुनिया के रंजो गम बेज़ा 
हँसते गाते फुरसत पालो

ज़ुल्मो दहशत फैलाने वालों    
बेहतर इश्क का शिकवा गिला लो 

आँखों की बरसात थमे तो    
दीप 'दुआ' का एक  जला लो





अहले नज़र  = कद्रदान 
चश्म ऐ पुरनम  = आसुंओ से भरी हुई आँखें 
तश्ना लब = होठों की प्यास